भरत नायक "बाबूजी" लोहरसिंह, रायगढ़(छ.ग.)

*"चलकर ही तो लक्ष्य मिलेगा"*
(कुकुभ छंद गीत)
^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^
विधान- १६ + १४ = ३० मात्रा प्रतिपद, पदांत SS, युगल पद तुकांतता।
^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^
*आगे-आगे बढ़ते जाना, कदम न पीछे करना है।
चलकर ही तो लक्ष्य मिलेगा, मन में साहस भरना है।।


*राही! लंबा सफर तुम्हारा, मंजिल तुमको पाना है।
चलना ही तो जीवन जानो, रुकना ही मर जाना है।।
पंथ-भटक मत जाना पंथी, नव पथ तुमको गढ़ना है।
चलकर ही तो लक्ष्य मिलेगा, मन में साहस भरना है।।


*प्रखर-धूप या ठंड-ठिठुरती, चाहे वर्षा या गर्मी।
कर्म-राह पर चलते रहना, बनकर नित निष्ठा धर्मी।।
तम-घेरों का जाल काटकर, पंथ-प्रभासित करना है।
चलकर ही तो लक्ष्य मिलेगा, मन में साहस भरना है।।


*अनंत यात्रा के तुम राही, इसका अंत न होना है।
अग्नि परीक्षा पग-पग पर है, कब हँसना कब रोना है।।
तजकर चिंता चिंतन करना, गिरकर साथ सम्हलना है।
चलकर ही तो लक्ष्य मिलेगा, मन में साहस भरना है।।
^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^
भरत नायक "बाबूजी"
लोहरसिंह, रायगढ़(छ.ग.)
^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^


कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

दयानन्द त्रिपाठी निराला

पहले मन के रावण को मारो....... भले  राम  ने  विजय   है  पायी,  तथाकथित रावण से पहले मन के रावण को मारो।। घूम  रहे  हैं  पात्र  सभी   अब, लगे...