भरत नायक "बाबूजी" लोहरसिंह, रायगढ़(छ.ग.)

*"मन वह निर्मल"*
(गगनांगना छंद गीत)
^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^
१६ + ९ = २५ मात्रा प्रतिपद, पदांत SlS, युगल पद तुकांतता।
^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^
★मन वह निर्मल, खिल जाता जो, फूल समान है।
जो न खिले तो जानो उसको, शूल समान है।।


★खिल जाए तो प्रीति समझ लो, सुख-आभास है।
मिल जाए तो मीत समझ लो, मंजिल पास है।।
जो न मिले तो, भूलो उसको, भूल समान है।
जो न खिले तो, जानो उसको, शूल समान है।।


★उदधि-अतल हो, प्रबल लहर हो, पथ अति दूर हो।
राह न सूझे, नैया जर्जर, तन थक चूर हो।।
बीच भँवर में, थामे कर जो, कूल समान है।
जो न खिले तो, जानो उसको, शूल समान है।।


★साथ रहे जो, संग चले जो, हितकर जान लो।
हरपल गूँजे, गीत सरिस जो, धुन मन मान लो।।
जो सहला दे, हिय हर्षा दे, झूल समान है।
जो न खिले तो, जानो उसको, शूल समान है।।


★चहका दे जो, चमन सही वह, सुख आधार है।
महका दे जो, सुमन सही वह, मनु मधु सार है।।
महके-चंदन, जान नहीं तो, धूल समान है।
जो न खिले तो, जानो उसको, शूल समान है।।
^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^
भरत नायक "बाबूजी"
लोहरसिंह, रायगढ़(छ.ग.)
^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^


कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

दयानन्द त्रिपाठी निराला

पहले मन के रावण को मारो....... भले  राम  ने  विजय   है  पायी,  तथाकथित रावण से पहले मन के रावण को मारो।। घूम  रहे  हैं  पात्र  सभी   अब, लगे...