डॉ0हरि नाथ मिश्र

समझ जिसने ली है किताबों की भाषा,
दरख़्तों की भाषा,परिंदों की भाषा।
वही असली प्रेमी है क़ुदरत का मित्रों-
उसे ज़िंदगी में न होती  निराशा।।
                 समझ जिसने ली है........।।
बहुत ही नरम दिल का होता वही है,
नहीं भाव ईर्ष्या का रखता कभी है।
बिना भ्रम समझता वो इंसाँ मुकम्मल-
सरिता-समंदर-पहाड़ों की  भाषा।।
              समझ जिसने ली है..........।।
जैसा भी हो, वो है जीता ख़ुशी से,
न शिकवा-शिकायत वो करता किसी से।
ज़िंदगी को ख़ुदा की अमानत समझता-
लिए दिल में रहता वो अनुराग-आशा।।
                 समझ जिसने ली है............।।
खेत-खलिहान,बागों-बगीचों में रहता,
सदा नूर रब का अनूठा है  बसता।
यही राज़ जिसने है समझा औ जाना-
मुश्किलों से भी उसको न मिलती हताशा।।
               समझ जिसने ली है...........।।
हरी घास पे पसरीं शबनम की बूँदें
एहसास मख़मल का दें आँख मूँदे।
रवि-रश्मियों में नहायी सुबह तो-
होती प्रकृति की अनोखी परिभाषा।।
             समझ जिसने ली है............।।
हक़ मालिकाना है क़ुदरत का केवल,
बसाना-गवांना बस अपने ही संबल।
गर हो गया क़ायदे क़ुदरत उलंघन-
ज़िंदगी तरु कटे बिन कुल्हाड़ी-गड़ासा।।
           समझ जिसने ली है..............।।
प्रकृति से परे कुछ नहीं है ये दुनिया,
प्रकृति से ही बनती-बिगड़ती है दुनिया।
नहीं होगा सम्मान विधिवत यदि इसका-
जायगा यक़ीनन थम, ये जीवन-तमाशा।।
      समझ जिसने ली है किताबों की भाषा।।
                      डॉ0हरि नाथ मिश्र
                      9919446372


कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

दयानन्द त्रिपाठी निराला

पहले मन के रावण को मारो....... भले  राम  ने  विजय   है  पायी,  तथाकथित रावण से पहले मन के रावण को मारो।। घूम  रहे  हैं  पात्र  सभी   अब, लगे...