भरत नायक "बाबूजी" लोहरसिंह, रायगढ़(छ.ग.)

*"समर्पण"*(वर्गाकृत दोहे)
"""""""""""""""""""""""""""""""""""""""""
*सहज समर्पण से मिले, कर्ता को आनंद।
काज सिद्ध करता सदा, काल-कर्म पाबंद।।१।।
(१६गुरु, १६लघु वर्ण, करभ दोहा)


*ईश्वर को अर्पित करो, भाव-सुमन शुचि सार।
जीवन में जो भी मिला, है उसका उपकार।।२।।
(१४गुरु, २०लघु वर्ण, हंस/मराल दोहा)


*पड़कर लालच में कभी, करो न अनुचित कर्म।
अर्पण सुखकर सर्वदा, परमारथ का धर्म।।३।।
(११गुरु, २६लघु वर्ण, बल दोहा)


*लक्ष्य-समर्पित जो रहो, सदा मिलेगी सिद्धि।
शील-सुभग निज कर्म से, होगी सुख की वृद्धि।।४।।
(१५गुरु, १८लघु वर्ण, नर दोहा)


*सच्चा सैनिक कर्म पर, सदा समर्पित होय।
सेवा करते देश की, प्राण भले ही खोय।।५।।
(१६गुरु, १६लघु वर्ण, करभ दोहा)


*अर्पण-अमल मिले नहीं, संबंधों में आज।
शुद्ध नहीं है आचरण, करें घृणित जन काज।।६।।
(१४गुरु, २०लघु वर्ण, हंस/मराल दोहा)


*धर्म सड़क पर बिक रहा, मंदिर बने दुकान।
धर्मी करते मोल हैं, स्वार्थ चढ़ा परवान।।७।।
(१३गुरु, २२लघु वर्ण, गयंद/मृदुकल दोहा)


*कर्म कृषक का है बड़ा, करे स्वेद से स्नान।
उपजाता वह अन्न है, बचती सबकी जान।।८।।
(१५गुरु, १८लघु वर्ण, नर दोहा)


*नारी अपने त्याग से, सुखी रखे परिवार।
मर्म समर्पण का महा, जीवन का आधार।।९।।
(१६गुरु, १६लघु वर्ण, करभ दोहा)


*साथ समर्पण के सदा, करना विमल प्रयास।
चलकर आयेगी स्वयं, पल-पल मंजिल पास।।१०।।
(१२गुरु, २४लघु वर्ण, पयोधर दोहा)
***************************
भरत नायक "बाबूजी"
लोहरसिंह, रायगढ़(छ.ग.)
****************************


कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

दयानन्द त्रिपाठी निराला

पहले मन के रावण को मारो....... भले  राम  ने  विजय   है  पायी,  तथाकथित रावण से पहले मन के रावण को मारो।। घूम  रहे  हैं  पात्र  सभी   अब, लगे...