निभा राय नवीन

भारत देश हमारा प्यारा, दुनिया भर में सबसे न्यारा, 


जिसकी धरती उगले सोना, सूरज करता उजियारा l


जिसके रज कण-कण मे संचित, स्नेहिल भाईचारा, 


पावन नदियाँ गंगा-यमुना, बहती है जलधारा ll


 


श्वेत, हरा, केशरिया पहने, झंडा ऊँचा रहे हमारा l


भारत देश हमारा प्यारा, दुनिया भर मे सबसे न्यारा ll1ll


 


जहाँ नारी त्याग की मूरत हो, हर माँ ममता की सूरत हो,  


है रीत-रिवाजों का संगम, हर नर-नारी करते वंदन l


हर भाषा-भाषी मिलकर रहते, जैसे इंद्रधनुष के रंग, 


सागर जिसका चरण पखारे, उस भारत माँ का है दम्भ ll


 


जहाँ बुद्ध-विवेका ज्ञान चक्षु ले, धरती पर अवतारा l


भारत देश हमारा प्यारा, दुनिया भर में सबसे न्यारा ll2ll


 


 जहाँ अतिथि को ईश्वर माना, छः ऋतुएँ लगे सुहाना, 


जहाँ ऋषि-मुनि का डेरा है, गुण-ज्ञान अनन्त बसेरा है l


जहाँ हर डाली पर सुन्दर चिड़ियाँ, गाए शाम-सवेरा, 


जहाँ नित-नूतन रश्मि प्रभा, हर लेती घोर अँधेरा ll


 


जहाँ देव-दनुज के दलन हेतु, मानव तन ले अवतारा l


भारत देश हमारा प्यारा, दुनिया भर में सबसे न्यारा ll3ll


 


जहाँ सत्य-अहिंसा और धर्म का, पाठ पढ़ाया जाए, 


जहाँ गाँधी-गौतम बुद्ध पुरुष को, शीश नवाया जाए l


जहाँ रामायण और गीता से,जन-जन का गहरा नाता, 


 जहाँ दुराचरण शोषण विरुद्ध, आवाज उठाया जाता ll


 


जहाँ श्वेत, हरा, केशरिया में, सजता है जीवन सारा l


भारत देश हमारा प्यारा, दुनिया भर में सबसे न्यारा ll4ll


 


जहाँ गौ माता की पूजा हो, नारी देवी सम् पूजनिया, 


मात्-पिता-गुरु चरणों मे, शीश नवाती है दुनिया l


सभ्यता-संस्कृति और स्नेह का अतुलित है भंडारा, 


नर-नारी के स्वर से फूटे, अविरल काव्य की धारा ll


 


जहाँ राम पुरुषोत्तम, केशव प्रेरणा स्रोत पधारा l


भारत देश हमारा प्यारा, दुनिया भर में सबसे न्यारा ll5ll


 


गौरवमय इतिहास जहाँ का,वेद पुराण बखाना है, 


शौर्यवान सुत शरहद पर, मातृभूमि की शान है l


जँह नारी दुर्गा, झाँसी की रानी बनकर संहार करे, 


सती अनसुइया से ब्रम्हा,विष्णु,महेश स्तनपान करे ll


 


जँह वात्सल्यता यशोदा का, पाने को कृष्ण पधारा l


भारत देश हमारा प्यारा, दुनिया भर में सबसे न्यारा ll6ll


                                     


नाम -"निभा राय नवीन"


स्थान - (चुनापुर, पूर्णियाँ), बिहार 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

अखिल विश्व काव्यरंगोली परिवार में आप का स्वागत है सीधे जुड़ने हेतु सम्पर्क करें 9919256950, 9450433511