डॉ. हरि नाथ मिश्र

 *संघर्ष*

पत्थर लुढ़क-लुढ़क के भगवान बनता है,

शैतान खा के ठोकर,इंसान बनता है।

करके मदद यतीमों की निःस्वार्थ भाव 

इंसान अपने मुल्क़ की पहचान बनता है।।

    होती हिना है सुर्ख़,पत्थर-प्रहार से,

    धीरज न खोवे सैनिक,सीमा की हार से।

    अपने वतन की माटी पर,प्राण कर निछावर-

    बलिदान की मिसाल वो, जवान बनता है।।

माता समान माटी, माटी समान माता,

परम पुनीत ऐसा संयोग रच विधाता।

जीवन में हर किसी को,मोकाम यह दिया है-

कर के नमन जिन्हें वो,महान बनता है।।

    लेना अगर सबाब, तुमको ख़ुदा का है,

    उजियार कर दो मार्ग जो,तम की घटा का है।

    भटके पथिक को रौशनी,दिखाते रहो सदा-

    करने वाला ऐसा ही निशान बनता है।।

वादा किसी को करके,मुकरना न चाहिए,

पद उच्च कोई पा के,बदलना न चाहिए।

धन-शक्ति के घमण्ड में,औक़ात जो भूला-


इंसान वो समझ लो,हैवान बनता है।।    महिमा कभी भी सिंधु की,घटते नहीं देखा,

    घमण्ड को समर्थ में,बढ़ते नहीं देखा।

   देखा नहीं सज्जन को कभी,कड़ुवे वचन कहते-

   नायाब इस ख़याल से ही,ईमान बनता है।।

जल पे लक़ीर खींचना, संभव नहीं यारों,

पश्चिम उगे ये भास्कर,संभव नहीं यारों।

आना अगर है रात को तो आ के रहेगी-

निश्चित प्रभात होने का,विधान बनता है।।

    ऐसे ही ज़िंदगी की गाड़ी को हाँकना,

    चलते रहो बराबर,पीछे न झाँकना।

    दीये की लौ समक्ष,तूफ़ान भी झुकता-

    तूफ़ान भी दीये का,क़द्रदान बनता है।।

पत्थर लुढ़क-लुढ़क के भगवान बनता है।।

                   ©डॉ. हरि नाथ मिश्र

                    9919446372

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

दयानन्द त्रिपाठी निराला

पहले मन के रावण को मारो....... भले  राम  ने  विजय   है  पायी,  तथाकथित रावण से पहले मन के रावण को मारो।। घूम  रहे  हैं  पात्र  सभी   अब, लगे...