डॉ0 हरि नाथ मिश्र

*गीत*(16/14)
बनना नहीं निराशावादी,
कभी विफलता पाने से।
सुखमय होगा जीवन केवल,
ऐसा भाव भगाने से।।

हो जाओ संकल्पित मानव,
रजनी शुभकर करने को।
सुखद ज्योति ले दिनकर निकले,
तमस-विषाद निगलने को।
साहस-धैर्य धरोहर बनते-
केवल सोच जगाने से।।
     ऐसा भाव भगाने से।।

नकारात्मक सोच है दुश्मन,
मन में इसे न पलने दो।
पल-पल चैन छीनती रहती,
इसे न साथी बनने दो।
चाँद-सितारे दिखेंगे सुंदर-
आशा-दीप जलाने से।।
     ऐसा भाव भगाने से।।

उचित न लगता डर से डरना,
यह कायरता सूचक है।
पुरुष न,उसको क्लीब कहे जग,
यह विवेक उन्मूलक है।
अर्जुन होता सफल युद्ध में-
मन-अवसाद मिटाने से।।
    ऐसा भाव भगाने से।।

रोग-भोग-संयोग जगत है,
इसको हमें समझना है।
यही सत्यता जीवन की है।
यह संतों का कहना है।
सब कुछ लगता शुभ-शुभ मित्रों-
शुभ विचार उर लाने से।।
   बनना नहीं निराशावादी,
    कभी विफलता पाने से।
   सुखमय होगा जीवन केवल-
   ऐसा भाव भगाने से।।
             ©डॉ0हरि नाथ मिश्र
                 9919446372

कोई टिप्पणी नहीं:

Featured Post

दयानन्द त्रिपाठी निराला

पहले मन के रावण को मारो....... भले  राम  ने  विजय   है  पायी,  तथाकथित रावण से पहले मन के रावण को मारो।। घूम  रहे  हैं  पात्र  सभी   अब, लगे...