कालिका प्रसाद सेमवाल

*हे मां शारदे*


******************


विद्या की देवी मां शारदे,


नित तेरी आराधना करु,


ऐसी मुझे विमल मति दे मां


गौ, गंगा की मैं नित सेवा करु,


मुझे तुम वरदान दो मां।


 


हे मधुर भाषिणी मां शारदे,


तिमिर का तू नाश करती,


 कुविचार का तू सर्व नाश करती,


सबको सुविचार और ज्ञान दे मां,


और जीवन में उमंग ला दे मां।


 


हे शुभ्र वस्त्र धारणी मां शारदे,


जो भी तुम्हारे शरण में आये,


उसे सही राह बताना मां,


उसे सद् बुद्धि दे देना मां,


विनम्रता का दान देना मां।


 


हे मां सरस्वती ऐसा वरदान दो,


दीन दुखियों की सेवा सदा करु,


राह से भटके राही को मैं सही राह बताओं,


नित नित तेरा ही ध्यान करु मां,


अपने चरणों में स्थान दो मां।


********************


कालिका प्रसाद सेमवाल


मानस सदन अपर बाजार


रुद्रप्रयाग उत्तराखंड


डॉ०रामबली मिश्र

*संशोधन*


 *(दोहा)*


 


कर्म करो चलते रहो,देख कर्म का रूप।


मूल्यांकन करते रहो, दो अति सहज स्वरूप।।


 


क्रिया हेतु कोशिश करो, गलती खोजो नित्य।


सतत सुधारो खामियाँ, क्रिया बने नित स्तुत्य।।


 


संशोधन व्यक्तित्व में, लाता सतत निखार।


संशोधन से आगमन, करता शुभद विचार।।


 


जिद पर कभी अड़ो नहीं, पूर्वाग्रह को छोड़।


संशोधन की ओर ही, अपने मन को मोड़।।


 


संशोधन उपकरण है, यह जीवन का भाग।


संशोधन की राह के, प्रति रख नित अनुराग।।


 


सामाजिक अस्तित्व का, संशोधन वरदान।


स्वस्थ समाजीकरण के, लिये यही भगवान।।


 


बिन संशोधन के नहीं, बनता स्वस्थ समाज।


जीवन के हर क्षेत्र में, संशोधन का राज।।


 


संशोधन से व्यक्ति में, विकसित होत विवेक।


सद्विवेक से मनुज बन, जाता सुंदर नेक।।


 


संशोधन करते रहो, यह अत्युत्तम पंथ।


इसी प्रक्रिया से बनो, इक दिन पावन ग्रंथ।।


 


यही संस्करण आत्म का, करता जीर्णोद्धार।


फलीभूत होता सतत, शुभ शिव उच्च विचार।।


 


रचनाकार:डॉ०रामबली मिश्र हरिहरपुरी


9838453801


राजेंद्र रायपुरी

😊😊 सुबह-सुबह 😊😊


 


सुबह -सुबह उठकर करो, 


                प्रभु को प्रथम प्रणाम।


माॅ॑गो प्रभु से वर यही, 


                   पूरे हों सब काम।


 


पानी पीकर गुनगुना,


                   चलो सुबह को सैर। 


तभी साथ देंगे सुनो,


                  जीवन भर ये पैर।


 


आलस करना है मना,


                 सुबह-सुबह श्रीमान।


सोऍ॑ कभी न देर तक, 


                  लम्बी चादर तान।


 


देखें सूरज सुबह का,


                   उसको करें प्रणाम।


ऊर्जा से भरपूर तब, 


                    रहता सूर्य ललाम।


 


स्वस्थ रहें चाहत अगर,


                     इतना करें ज़रूर।


कहना मेरा मानिए, 


                    विनती यही हुज़ूर।


 


            ।। राजेंद्र रायपुरी।।


नूतन लाल साहू

मेहनत


 


मेहनत अगर आदत बन जाए


तो कामयाबी मुकद्दर बन जाती हैं


दिन कितने रात भी कितनी


तेरी बीती होगी चिंतन में


तय करना होगा जिससे कि


होगी सम्मुख सुख सुविधा तेरी


कठिन मेहनत करके तूने


क्षीण किया होगा अपने तन को


लिया प्रलोभन भांति भांति के


सांसारिक माया ने भी भरमाया होगा


बिना किसी संकोच लक्ष्य बना ले


जो कुछ तुझको पाना हैं


तेरी आंखो के आगे


गीता का ज्ञान,मार्गदर्शन करेगी


मेहनत अगर आदत बन जाए


तो कामयाबी मुकद्दर बन जाती हैं


उस निश्चय से निकली होगी


चिंता तेरे अंतश से


असहाय मानव का भी सहारा है मेहनत


एक आशा की किरण शेष होती हैं


खोजती फिरती किसे है तू


इस तरह पागल विकल होकर


बीच भंवर में तू फंस जायेगा


विश्व से आशा लगाते लगाते


कहीं खो न जाये तेरा विश्वास


विश्व की संवेदना में


वह घड़ी भी निश्चित आयेगी


चिंता नहीं होगी तेरे पास में


मेहनत अगर आदत बन जाए


तो कामयाबी मुकद्दर बन जाती हैं


नूतन लाल साहू


एस के कपूर श्री हंस

*रचना शीर्षक।।*


*मनुष्य के कर्मों से ही मनुष्य*


*के जीवन का निर्माण होता*


*है।।*


 


कोई दलील चलती नहीं है


प्रभु की अदालत में।


झूठी गवाही कोई दे नहीं


सकता वहां वकालत में।।


ईश्वर की लाठी में जान लो


कोई आवाज़ होती नहीं।


गुनाहगार मत बनो तुम इस


नफरत की जलालत में।।


 


सब के काम आते रहिये


कोई नुकसान नहीं होगा।


बेवजह जीवन में मुश्किलों


का फरमान नहीं होगा।।


यूँ ही निरर्थक चले गए


बस इस दुनिया से।


फिर बाकी दिल में कोई


ऐसा अरमान नहीं होगा।।


 


जब मेहनत करोगे तुम तो


सफलता खुद शोर मचाएगी।


तेरी मंजिल तुझको तब


नज़र पास और आयेगी।।


कुदरत का एक उसूल है कि


कोशिश की हार नहीं होती।


चीर कर इन अंधेरों को 


खुद जाग भोर जायेगी।।


 


भीड़ के पीछे नहीं कोई 


राह जरा तुम खुद बनायो।


कर्म और श्रम मिला कर


चाह भाग्य की खुद बनायो।।


बांस से तीर ही नहींजरा तुम


देखो बाँसुरी बना कर भी। 


भुला कर अतीत तुम जरा 


वाह भविष्य की खुद बनायो।।


 


*रचयिता।।एस के कपूर श्री हंस


*बरेली।।*


मोब।। 9897071046


                     8218685464


आचार्य गोपाल जी

 अक्षय नवमी की शुभकामनाएं


 


अक्षय आंवला के नाम से ,


कार्तिक नौमी तिथि को जान ।


आंवला वृक्ष पूजन रक्षण कर, 


करें प्रकृति का सब सम्मान ।


पालक विष्णु भगवान का,


पूजन का है अजब विधान ।


आंवला केला कभी कदम में 


करे निवास प्रभु नित ये जान ।


संरक्षण हो पर्यावरण का,


सब मिल इसका धरो ध्यान ।


 


✍️आचार्य गोपाल जी उर्फ आजाद अकेला बरबीघा वाले


एस के कपूर श्री हंस

*आज का विषय।।मित्र/मित्रता।।*


*रचना शीर्षक।।कोशिश करो कि*


*जिन्दगी हमारी अपनी मित्र*


*बन जाये।।*


 


मुस्करा कर ही जीना तुम


इस जिंदगानी में।


माना कि कुछ रास्ते खराब भी


हैं इस रवानी में।।


जान लो कि जिन्दगी फिदा है


इस मुस्कराहट पर।


चाहे कितने गम हों जीत कर ही


आओगे इस कहानी में।।


 


यह जीवन बस इम्तिहानों का ही


दूसरा नाम है ।


एक रास्ता बंद हो तो भी जान लो


दूसरे तमाम हैं ।।


तुम्हारा भाग्य तुम्हारे कर्म की ही


मुट्ठी में होता है कैद ।


यह किस्मत की लकीरें तेरे परिश्रम


का ही ईनाम हैं ।।


 


गमों में भी मुस्कारनें की यह आदत


बहुत अलबेली है।


तन्हाई में भी जिन्दगी कभी रहती


नहीं अकेली है ।।


तनाव अवसाद फिर असर नहीं


करते आदमी पर ।


कभी यह जिन्दगी हमारी बनती


नहीं फिर पहेली है ।।


 


कोशिश करें कि जिन्दगी हमारी


अपनी ही मित्र बन जाये।


वक़्त मुश्किलों का भी हमारा


सचरित्र बन जाये।।


बस खुश रहें हम हर वक़्त और


हर दर्दो गम में ।


जिसका हर जवाबो हल हो बस


जिंदगी ऐसा चित्र बन जाये।।


 


 एस के कपूर श्री हंस


*बरेली।।*


मोब 9897071046


                            8218685464


निशा अतुल्य

राधे राधे 


🙏🏻😊


 


भज मन गोविंद गोविंद हरे मुरारी 


ज्ञान और शिक्षा दे दो हमें सारी ।


प्रज्ञा बढ़ाओ गोविंद मुरारी ।


 


बन जायेगा तू मीरा तभी से 


रटे है जब तू गोविंद मुरारी 


रटता जब मन कान्हा कान्हा 


तब बन जाता तू ही तो राधा ।


भज मन गोविंद गोविंद हरे मुरारी 


ज्ञान और शिक्षा दे दो हमें सारी ।


 


एक तेरा ही तो रूप सब में समाया


कभी बने मीरा तू,कभी बन जाये राधा 


भज मन गोविंद गोविंद हरे मुरारी 


ज्ञान और शिक्षा दे दो हमें सारी ।


 


मुरली तेरी अधर पर साजे 


उससे राधा राधा बाजे


ग्वालबाल सँग लीला रचाई 


गोपी सारी हो मदमस्त नाचे ।


भज मन गोविंद गोविंद हरे मुरारी 


ज्ञान और शिक्षा दे दो हमें सारी ।


 


प्रेम की भाषा जिसने भी जानी 


वो तर गया हे कृष्ण मुरारी


दे कर गीता का ज्ञान जग को,


कर्मक्षेत्र में डटे हर नर नारी ।


भज मन गोविंद गोविंद हरे मुरारी 


ज्ञान और शिक्षा दे दो हमें सारी ।


 


स्वरचित 


निशा"अतुल्य"


डॉ0 हरि नाथ मिश्र

*पंचम चरण*(श्रीरामचरितबखान)-25


अस कहि तुरतै चला बिभीषन।


त्यागि लंकपुर तन-मन-हिय सन।।


       संत-अवग्या काल समाना।


       सुख-सम्पति अरु उमिरि गवाँना।।


रावन-नास अवसि अब होई।


बंधु बिभीषन जस जे खोई।


      हरषित होइ बिभीषन चलई।


      राम-दरस जे तुरंतहिं पवई।


तरी अहिल्या छुइ पद रामा।


पाइ चरन भे दंडक धामा।।


      सीय-हृदय चरनन जे लागा।


       कपटी मृग पाछे जे भागा।।


सिय-हिय-सर-सरोज जे चरना।


बड़ मम भागि तिनहिं अब धरना।।


     आजु दरस मैं पाउब तिन्ह कै।


      पाद-त्राण भरत-उर जिन्ह कै।


करत सोच अस सागर लाँघा।


पहुँचा निकट कपिन्ह सो बाघा।


      आवत देखि बिभीषन बानर।


       सोचे जनु रिपु-दूत निसाचर।।


देखि बिभीषन कहा कपीसा।


रावन-अनुज आय जगदीसा।।


      राच्छस-माया राच्छस जानहिं।


      भेष बदलि सभ कछु करि डारहिं।।


मम मन कहहि सुनहु रघुराई।


भेद हमारा जानन आई।।


      एका रखब बाँधि हम सबहीं।


       सुनि प्रभु राम तुरत अस कहहीं।।


सरनागत-रच्छा मम धरमा।


जदपि कहेउ नीतिगत मरमा।।


      सुनि प्रभु-कथन मुदित हनुमाना।


       सरनागत-रच्छक भगवाना।।


दोहा-अनहित जानि के त्यागहीं, सरनागत जे लोग।


         मिलहु न तिन्ह बड़ नीच ते,तजु इन्ह जानि कुभोग।।


                    डॉ0हरि नाथ मिश्र


                      9919446372


डॉ०रामबली मिश्र

*धर्म*


           *(चौपाई)*


लो संकल्प मनुज बनने का।


दीनों की सेवा करने का।।


 


अंतस में करुणा रस भर लो।


दुःखियों का मन शीतल कर दो।।


 


सहानुभूति का बिगुल बजाओ।


संवेदना हृदयमें लाओ।।


 


जीना सीखो सबके हित में।


सारे कर्म करो परहित में।।


 


सद्विवेक का परिचय देना।


न्यायी बनकर दुःख हर लेना।।


 


ईश्वर को देखो कण-कण में।


सुदृढ़ बने रहो हर प्रण में।।


 


सबको अपना मीत बनाओ।


ममतावादी नीति सिखाओ।।


 


कर विश्वास सदा समता में।


रखो हृदय में मनुष्यता को।।


 


स्वार्थ छोड़कर बन परमार्थी।


धर्म सीख बनकर विद्यार्थी।।


 


लो गुरु मंत्र सहज बनने का।


भीतर से सज-धज रहने का।।


 


सीखो सतत मनुज बनने का।


सुंदर काम सदा करने का।।


 


कभी बनावट मत पसंद कर।


छोड़ मिलावट चल सुपंथ पर। 


 


प्रेमसिंधु उर में धारण कर।


वृंदावन में बन वंशीधर।।


 


चक्रसुदर्शन लेकर चलना।


क्रूर भाव को सदा कुचलना।।


 


बनकर राम चलो जंगल में।


सारा जीवन हो मंगल में।।


 


सेवादानी बनकर चलना।


रक्षक बनकर सतत विचरना।।


 


मन में धारण कर सात्विकता।


जागे पृथ्वी पर मधुमयता।।


 


सुंदर हरा-भरा जनमानस।


मने कर्मणा भाव अमावस।।


 


करना क्रमिक विकास निरंतर।


दिखें चतुर्दिक धर्मधुरंधर।।


 


डॉ०रामबली मिश्र हरिहरपुरी


9838453801


राजेंद्र रायपुरी

😌 सपने में मत खोए रहना 😌


 


सभी युवाओं से है कहना।


  सपने में मत खोए रहना।


    पूरे अगर नहीं हों सपने,


      भारी दुख पड़ता है सहना।


 


सपने देखो बुरा नहीं है। 


  बिन सपने कुछ हुआ कहीं है?


    पर अपनी क्षमता पहचानो।


      पूरा करने ज़िद मत ठानो।


 


चील बहुत ऊॅ॑चे उड़ जाती।


  गौरैया क्या है जा पाती।


    भाॅ॑ति- भाॅ॑ति के वृक्ष धरा पर।


      बरगद जैसा छाॅ॑व कहाॅ॑ पर ?


 


क्षमता भर तुम जोर लगाओ।


 यदि असफल अवसाद न लाओ।


    यही सभी से फिर कहना है।


      खोए नहीं सपन रहना है।


 


            ।। राजेंद्र रायपुरी।।


नूतन लाल साहू

सत्संग से मिलता है ज्ञान


 


आत्मा भी अंदर है


परमात्मा भी अंदर है


और उस परमात्मा से मिलने का


 रास्ता भी अंदर है


तेरा निर्मल रूप अनूप है


नहीं हाड़ मांस की काया


निराकार निर्गुण अविनाशी


चेतन अमल सहज सुखरासी


अलख निरंजन सदा उदासी


तू व्यापक ब्रम्ह स्वरूप है


फिर भी भुलाकर अपने रूप को


तू कहां कहां भटक रहा है


तू तो सब प्राणियों में श्रेष्ठ हैं


सत्संग से मिलता है ज्ञान


आत्मा भी अंदर है


परमात्मा भी अंदर है


और उस परमात्मा से मिलने का


रास्ता भी अंदर है


जगत में जीवन है,दिन चार


कल के लिए कोई काम न टाल


जो सोया सो खोया


जो जागा सो पाया


पशु पक्षी सहित सब जीवन में


ईश्वर अंश निहार


मधुर वचन है औषधि 


कटुक वचन है तीर


किसका तू है और है कौन तुम्हारा


स्वारत रत है संसार


जग में सुंदर है दो नाम


चाहे कृष्ण कहो या राम


सत्संग से मिलता है ज्ञान


आत्मा भी अंदर है


परमत्मा भी अंदर है


और परमात्मा से मिलने का


रास्ता भी अंदर है


नूतन लाल साहू


डॉ निर्मला शर्मा

छठ पूजा


 


 हे छठ महामाई तुम्हें प्रणाम


 करती सब के पूरे काम 


निर्जला व्रत में करुँ तुम्हारा 


नाम जपु माँ बारंबारा


 करो कृपा माँ विनती जान 


बिगड़े बनाए सबके काम


 गुड और खीर का भोग लगाउँ


 कोरे -कोरे कलश में जल भर लाऊँ


 करो भोग मेरा स्वीकार


 मेरी आराधना करो अंगीकार 


गली-गली में धूम मची है 


खुशियों की बौछार हुई है


 सब जन पूजें आठो याम


 हे महामाई तुम्हें प्रणाम 


 


डॉ निर्मला शर्मा


 दौसा राजस्थान


सुनीता असीम

शमा जली है जो मन्दिर की बंदगी जागी।


मिला खुदा का बसेरा तो ज़िन्दगी जागी।


******


जो मैल मन को लगा भावना बुरी जागे।


कि स्वच्छता को हटाया तो गन्दगी जागी।


******


 हटाके घोर अंधेरा दिया जला मन का।


मिला खुदा का सहारा तो रोशनी जागी।


******


मुझे सुलाके ही सोया है बंशीवाला वो।


सुबह जो नींद खुली खूब ताजगी जागी।


******


जो हसरतें सो रही थीं कभी सुनीता की।


कि खास उनके इशारों से रफ्तगी जागी।


******


सुनीता असीम


डॉ० रामबली मिश्र

*प्यार*


प्यार करके भले ही मर जायेंगे,


इसे कभी भी नहीं भूल पायेंगे।


 


भले ही इकतरफा ही सही है सही,


जिंदगी को दांव पर हम लगायेंगे।


 


मरना सभी की है नियति यह बात याद रख,


इक दिन सभी जहां से निर्बाध जायेंगे।


 


माना कि हम मनुज हकदार प्यार के,


पंछी भी प्यार करते इक रोज जायेंगे।


 


कोई भले न प्यार दे इस बात का न गम,


हम प्यार करते विश्व से हर रोज जायेंगे।


 


दिल में गिला न शिकवा हम आप में जगत,


हम प्यार करते प्यार से हर बार जायेंगे।


 


कोई न रोक सकता हमको यहाँ जहां में,


 हक जताते प्यार पर हम रोज जायेंगे।


प्यार का पैगाम लिये आये धरा पर,


प्यार करते हर किसी से लौट जायेंगे।


हमको बुरा न समझो हम दूत ईश के,


प्यार के संदेश को हम गुनगुनायेंगे।


एकतरफा प्यार भी तो प्यार की कली,


पुष्प की मुकाम पर एक रोज जायेंगे।


विश्व की महान शक्तियाँ भी विफल हैं,


बुलंदियों तक प्यार को पहुँचा के मानेंगे।


 


डॉ०रामबली मिश्र हरिहरपुरी


9838453801


डॉ0 हरि नाथ मिश्र

शुभ सोच


 


गर आदमी न होता एहसान फ़रामोश,


 माना इसे न जाता जल्लाद कभी का।।


         गर जानती ये दुनिया क्या फ़र्ज़-ए-इंसान?


         होता लहू न इतना बरबाद सभी का ।।


                                    गर आदमी न होता....


ऋतु में,हवा ,फ़ज़ा में होता अगर वजूद,


होता चमन यक़ीनन आबाद कभी का।।


                             गर आदमी न होता....


       होता अगर जो मेल कभी तल्ख़ -मधुर का


       यक़ीनन ये तल्ख़ होता मधुर स्वाद कभी का।।


                               गर आदमी न होता....


होता अगर निशंक ज़माने में कोई यहाँ,


यक़ीनन,वतन ये होता आज़ाद कभी का।।


                    गर आदमी न होता....


होता नहीं गर धर्म का उन्माद जहाँ में।


तो मिलता इसे भी जन्नती प्रसाद कभी का।।


गर आदमी न होता.....।।


   ©डॉ0हरि नाथ मिश्र


9919446372


 


....


निशा अतुल्य

*धार छंद*


21.11.2020


वर्ण विन्यास :- मगण और लघु / मापनी :- 222 1


 


मांगू हाथ 


तेरा साथ 


होगी जीत


मेरे मीत ।


 


देखो आज


कैसा राज


दोनों साथ


बीते रात ।


 


भीगे नैन


ढूंढे बैन


खोई रात 


होए बात ।


 


आधी रात


बीती बात


काटे रैन


आये चैन।


 


मीरा नाम


गाती श्याम


वीणा हाथ


तेरा ध्यान ।


 


स्वरचित


निशा अतुल्य


डॉ०रामबली मिश्र

*त्रिपदियाँ*


 


हम सब मिलकर काम करेंगे,


नहीं किसी की एक सुनेंगे।


मानवता के हेतु लड़ेंगे।।


 


जो कुण्ठाओं में जीता है,


विज्ञापन करता फिरता है।


प्रति क्षण खुद मरता रहता है।।


 


जो होता अतिशय मति मंदा,


करता रहता सबकी निंदा।


वह मटमैला दूषित गंदा।।


 


जो कृतघ्न दुष्ट अपकारी,


दानवता का सदा पुजारी।


वही अपावन अत्याचारी।।


 


पावन मन को नमस्कार है,


सच्चा मानव सदाचार है।


शुद्ध हृदय में गंगधार है।।


 


जो सबको अच्छा कहता है,


दिल से वह सच्चा लगता है।


कभी नहीं कच्चा होता है।।


 


डॉ०रामबली मिश्र हरिहरपुरी


9838453801


डॉ0 हरि नाथ मिश्र

दोहे


छठ-पूजा फलदायिनी,सुखी रखे परिवार।


अस्ताचल-रवि अर्घ्य दे,ज्ञापित हो आभार।।


 


छठ माता का व्रत कठिन,पर फल दे भरपूर।


उदित सूर्य का अर्घ्य दे,सुत रवि सम ले नूर।।


 


गंगा भारत-आतमा, औषधि इसका नीर।


पाप-नाशिनी जान्ह्वी, हरे कष्ट गंभीर ।।


 


शंकर-शिख शोभा यही,महिमा अपरंपार।


पुण्यदायिनी गंग को,करें नमन शत बार।।


 


सूर्य नहीं तो जग नहीं,सूर्य-रश्मि जग-प्राण।


रवि नित किरण पसार कर,करे जगत-कल्याण।


 


रवि-आभा से ही मिले,अन्न-फूल-फल-नीर।


ऋतु-परिवर्तन भी करें,सूर्य देव बलवीर।।


 


सरिता सागर से मिले,हर्षित-पुलकित गात।


पथरीले पथ बह चले,कोटिक सह आघात।


 


जीवन को उत्सव समझ,हिय में भरे हुलास।


सकारात्मक सोच से,मिलता पूर्ण उजास।।


            ©डॉ0हरि नाथ मिश्र


                9919446372


एस के कपूर श्री हंस

*19 से 25 नंवबर कौमी एकता सप्ताह*


               *।।प्रेरणा परिवार।।*


*।।अखिल भारतीय मुक्तक प्रतियोगिता।।*


             *।।दिनाँक 21 11 2020।।*


 


वसुधैव कुटुम्बकम की धारा हो,


मनुष्यता ही मर्म।


 


पुरातन संस्कृति की स्वीकारा हो,


संस्कार ही शर्म।।


 


लौट कर आ जाये भाई चारे,


की वही बीती रीत।


 


मानवता ही धर्म हो,


मानवता ही कर्म।।


 


एस के कपूर श्री हंस


*बरेली।।।।*


मोब।।। 9897071046


                      8218685464


एस के कपूर श्री हंस

*।।रचना शीर्षक।।*


*आज की नारी।।आसमाँ*


*में है उड़ने की तैयारी।।*


 


कौन सा काम जो आज की


नारी नहीं कर पाई है।


बेटियां तो आज आसमान 


से सितारे तोड़ लाई हैं।।


नारी को चाहिये आज उड़ने


को पूरा का पूरा जहान।


धन्य हैं वह माता पिता


जिन्होंने बेटी जाई है।।


 


नारी ही तो इस सम्पूर्ण


सृष्टि की रचनाकार है।


नारी आज सबला दुष्टों के


लिये भी बन गई हाहाकार है।।


अनाचारऔर दुष्कर्म के प्रति


आजऔरत ने उठाई आवाज़।


बाँधकर साफा माथे परआज


बनी रण चंडी की ललकार है।।


 


वही समाज राष्ट्र उन्नत बनता


जो महिला सम्मान करता है।


नारी शिक्षा नारी सुरक्षा का


जो अभियान भरता है।।


ईश्वर रूपा ममता स्वरुपा


त्याग की प्रतिमूर्ति है नारी।


वो संसार स्वर्ग बन जाता जो


नारी का नाम महान धरता है।।


 


एस के कपूर श्री हंस


*बरेली।।*


मोब ।। 9897071046


                     8218685464


आचार्य गोपाल जी

🌹🙏🌹सुप्रभात🌹🙏🌹


 


छठ


 


छठ की छटा सुहानी है ,


मन निरमल हो जानी है,


ये हरती हर परेशानी है,


अस्त को नमन करें जो,


अद्भुत इसकी कहानी है,


 


स्वच्छता संयम नियम व्रत,


है ये निर्जला का कठिन तप,


अभक्ष्य सारे हैं इसमें वर्जित,


बिना मध्यस्थता के ये पूजित,


समरसता की यह दीवानी है।


 


है यह अलग पूजन अद्भुत,


गेहूं गन्ना मूली फल प्रसाद है


कृषकों के कर्षण से पूजित,


लेस न इसमें आलस्य प्रमाद है,


अनुपम आदित्य की कहानी है ।


 


सृजित सृष्टि मूल के छठे अंश से


देवसुता देवसेना ही छठी कहलाती है ।


संयत से संयम, खरना खाना एक शाम,


अस्ताचल औ उदयाचल अर्घ्य से खुश हो जाती है ।


ममतामई की महिमा मधुरिम सारे जग ने मानी है


 


 ✍️आचार्य गोपाल जी उर्फ आजाद अकेला बरबीघा वाले


नूतन लाल साहू

कैसे कटेंगे अब,पहाड़ से ये दिन


 


मदिरालय का आंगन देखो


जो गिरते हैं कब उठते हैं


कितने प्यारे अपने छुट गये


जो छुट गये फिर कहां मिलते हैं


जीवन में मधु का प्याला था


वह टूट गया तो टूट गया


व्यक्ति रोता है चिल्लाता है


कैसे कटेंगे अब पहाड़ से ये दिन


कौन कहता है कि सुंदर स्वप्नों को


न आने दें हृदय में


देखते सब है, इन्हें भावुक होकर


अपनी उमर अपने समय में


पर सपना तो सपना होती हैं


मिल नहीं सकती वैसी सफलता


महंगाई और बेरोज़गारी देख


व्यक्ति रोता है चिल्लाता है


कैसे कटेंगे अब पहाड़ से ये दिन


जब तक सांस चलती हैं


तुझे चलना पड़ेगा ही मुसाफिर


जीवन पथ कठिन और पथरीला है


मत बना बैठ जाने का बहाना


समय चला गया हाथ से तो


लौटने वाले नहीं हैं


खोज लेे मन का मीत कोई


आशा जगाना कब मना है


खो मत देना विश्वास पूरा


विश्व की संवेदना में


धुमिल हो जाता है,उल्लास के आधार तो


व्यक्ति रोता है चिल्लाता है


कैसे कटेंगे अब पहाड़ से ये दिन


नूतन लाल साहू


राजेंद्र रायपुरी

😊😊 एक गीत 😊😊


 


आओ रे,आओ रे,आओ रे, 


आओ - आओ रे।


आओ रे, आओ रे,आओ रे,


आओ-आओ रे।


 


आओ नाचें गाएं हम।


छेड़ें खुशियों की सरगम।


दूर हो गई विपदा सारी,


अब काहे का ग़म।


आओ-आओ रे।


आओ-आओ रे।


 


आओ रे,आओ रे,आओ रे,


आओ-आओ रे।


 


फसल काट खलिहान में आई।


हो गई भैया आज़ मिजाई।


जितना बोया,लाख गुना कर,


देती हमको धरती माई।


अब काहे का ग़म है भैया,(२)


घर बैठे तुम खाओ रे।


आओ-आओ रे।


आओ-आओ रे।


 


आओ रे,आओ ये,आओ रे।


आओ-आओ रे।


 


हुई नहीं बरबाद फसल ,


ये दुआ प्रभो की भारी।


सबने पाया मन भर-भर के,


खुश सारे नर-नारी।


खाने भर रख बेच-भाॅ॑ज कर,(२)


नगदी घर में लाओ रे।


आओ-आओ रे।


आओ-आओ रे।


 


आओ रे,आओ रे,आओ रे।


आओ-आओ रे।


 


बहा पसीना हमने बोया,


फल उसका है पाया। 


लाख गुना कर दिया प्रभो ने,


देखो उसकी माया।


वो ही सबका है रखवाला,(२)


गुन उसके तुम गाओ रे।


आओ-आओ रे।


आओ-आओ रे।


 


आओ रे,आओ रे,आओ रे,


आओ-आओ रे।


 


नहीं भुलाना तुम धरती को,


वो ही है महतारी।


पेट वही है भरती सबकी,


माता प्यारी-प्यारी।


उस मैया के चरणों में तुम,(२)


निश दिन शीश झुकाओ रे।


आओ-आओ रे।


आओ-आओ रे।


 


आओ रे,आओ रे,आओ रे।


आओ-आओ रे।


आओ-आओ रे।


 


            ।। राजेंद्र रायपुरी।।


डॉ0 हरि नाथ मिश्र

*पंचम चरण*(श्रीरामचरितबखान)-24


मुनि पुलस्ति सिष्य लइ आवा।


अस सनेस मैं तुमहिं सुनावा।।


     मुनि-सनेस मलवंतहिं भावा।


     सुनि सनेस सचिवहिं सुख पावा।


दसमुख प्रभु-बखान नहिं भावै।


भागु दूर कहि क्रोध जतावै ।।


     माल्यवंत तब निज गृह गयऊ।


     तदपि बिभीषन कहतै रहऊ।।


सुबुधि कुबुधि रहहीं इक साथा।


कह अस सो झुकाइ निज माथा।


      बेद-पुरान-नीति अस कहहीं।


      संपति रहै सुबुधि जहँ रहहीं।।


नाथ कुबुधि बड़ घातक होवै।


आए तासु बिपति नर ढोवै ।।


      सुनहु नाथ सीता कुल-नासक।


       प्रीति तासु सभ निसिचर घातक।।


रखहु लाजि नाथहिं मम बचना।


सीता भेजि अहित नहिं अपुना।।


      सुनि श्रुति-सम्मत,नितिगत बचना।


       रावन कहा काल तव रसना।।


जीयसि खाइ मोर अन-पानी।


मम रिपु-गुन तुम्ह करत बखानी।


       जानसि नहिं मैं निज बल-बूता।


        जीता सभ बलवान अभूता।


जल बसि बैर मगर कस सोहै।


इहँ रहि प्रीति तपस कस मोहै।।


      करि प्रहार रावन निज लाता।


       कह जा करहु तपस सँग बाता।


तदपि बिभीषन कह कर जोरे।


मिलि प्रभु राम होय हित तोरे।


      तुम्ह मारे नहिं मोर अनादर।


       तुम्ह पितु सम कुरु राम समादर।


दोहा-पुनि-पुनि कहै बिभीषनै,रावन-मन न सुहाय।


         कह सो तुम्ह अब काल बस,नहिं कोउ तोर सहाय।।


                       डॉ0हरि नाथ मिश्र


                        9919446372


Featured Post

दयानन्द त्रिपाठी निराला

पहले मन के रावण को मारो....... भले  राम  ने  विजय   है  पायी,  तथाकथित रावण से पहले मन के रावण को मारो।। घूम  रहे  हैं  पात्र  सभी   अब, लगे...